अरूणाचल के बाद अब चीन ने भूटान में बसाये चार गांव, सैटेलाइट तस्वीरों से आये नजर

जयपुर। चीन अपनी विस्तारवादी नीति से बाज नहीं आ रहा है। कुछ दिनों पहले एक रिपोर्ट में सामने आया कि चीन ने भारत के पूर्वोत्तर में अरूणाचल प्रदेश में एक गांव बसा दिया है। अब नई जानकारी के मुताबिक चीन ने भूटान की जमीन पर भी अवैध कब्जा कर लिया है। चीन ने भूटान बॉर्डर पर भूटान की लगभग 25 हजार एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। सैटेलाइट तस्वीरों से देखने पर नजर आता है कि चीन ने लगभग 100 वर्ग किमी के क्षेत्र में चार गांव बसा दिये हैं। भूटान का ये विवादित भूमि डोकलम पठार के पास स्थित है, जहां 2017 में भारत और चीन का आमना-सामना हुआ था।

चीन द्वारा कब्जा किये गये इस क्षेत्र पर पहले से ही भूटान और चीन के बीच विवाद चल रहा है। दोनों ही ​देश इस क्षेत्र पर अपना दावा करते रहे हैं। दोनों ही देश मानते हैं कि ये जमीन उनकी है। हैरान करने वाली बात ये है कि चीन और भूटान हाल ही एक सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं, इसके बाद चीन ने ऐसा काम किया है। हालांकि अभी ये बात सामने नहीं आई है कि चीन ने ये निमार्ण कार्य सीमा समझौते के तहत ही ​किया है या नहीं।
निश्चित रूप से भूटान की जमीन पर चीन का निर्माण करना भारत के लिए चिंताजनक है। क्योंकि भारत ने ऐतिहासिक रूप से भूटान को अपनी विदेश संबंध नीति पर सलाह दी है और अपने सशस्त्र बलों को प्रशिक्षित करने के लिए कहा है।
बता दें कि इससे पहले चीन भूटान पर सीमाओं को लेकर बात करने का दबाव बनाता आ रहा है।