स्वायत्त शासन मंत्री ने वीसी के द्वारा बीकानेर में 1064 आवासों का लोकापर्ण किया, आम नागरिकों के सपने साकार कर रही है प्रदेश सरकार-स्वायत्त शासन मंत्री

स्वायत्त शासन मंत्री ने वीसी के द्वारा बीकानेर में 1064 आवासों का लोकापर्ण किया
आम नागरिकों के सपने साकार कर रही है प्रदेश सरकार-स्वायत्त शासन मंत्री
कोटा 31 अगस्त। स्वायत्त शासन मंत्री शाति धारीवाल ने कहा कि आम नागरिक का सपना होता है उसका भी शहर में आवास बने इसे साकार करते हुए प्रदेश सरकार सस्ती दरों पर आधुनिक सुविधाओं युक्त आवास प्रदान कर लोगों को राहत प्रदान कर रही है। जिनके आवास बने हुए है उन्हें प्रशासन शहरों के संग अभियान के द्वारा मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है।
स्वायत्त शासन मंत्री बुधवार को कोटा कलक्ट्रेट से वर्चुवल रूप से जुड़कर नगर विकास न्यास बीकानेर द्वारा मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत स्वर्ण जयंती नगर विस्तार योजना नापासर रोड बीकानेर में निर्मित 1064 आवासों को लोकापर्ण कर आवंटियों को सौपते समय समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभी नागरिकों के आवास का सपना साकार करने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री जन आवास योजना के माध्यम से शहरी निकायों को जनकल्याण की दिशा में काम करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 2 वर्षों तक कोविड महामारी के कारण आर्थिक संकट बावजूद मुख्यमंत्री ने गरीब जनता को खाद्यान्न की पूर्ति के साथ-साथ आवास का सपना भी साकार किया। बीकानेर सहित अन्य शहरों में गरीब परिवारों को स्वयं के मकान का सपना मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से मालिकाना हक की छत नगर विकास न्यास एवं स्थानीय निकायों के माध्यम से उपलब्ध कराई है।
उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को सस्ती दरों पर फ्लैट का आवंटन आसान किस्तों में किया जा कर लाखों रुपए की सब्सिडी के रूप में छूट दी जा कर लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर विकास न्यास बीकानेर द्वारा स्वर्ण जयंती योजना नापासर रोड पर मूलभूत सुविधाओं सहित ऐसे गरीब 1064 परिवारों को दो श्रेणी के आवास उपलब्ध कराए जाकर जनकल्याण का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि इस योजना में मल्टीस्टोरी जी प्लस-3 आवासों में ईडब्ल्यूएस के 512 एवं एलआईजी श्रेणी के 552 परिवारों को अपनी छत अपना आवास का सपना पूरा होगा।
स्वायत्त शासन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में केबीनेट मंत्री बीडी कल्ला के प्रयासों से बीकानेर विकास पथ पर तेजी से अग्रसर है। शहरी क्षेत्रों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में नये आयाम स्थापित किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि गडसीसर बीकानेर में ऐसे ही 792 आवासों की की एक और योजना लाई जा रही है जिससे बीकानेर के गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराये जाकर लाभान्वित किय जा सकेगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में कमी नहीं रहने दी जायेगी नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास कार्योंे की सौगात अनवरत मिलती रहेगी।
समारोह में बीकानेर नगर विकास न्यास परिसर से शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने वर्चुवल रूप से जुडकर आवास का सपना साकार करने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों एवं आमजन को आधुनिक सुविधाऐं प्रदान करने में कोई कमी नहीं रहने दी जायेगी। उन्होंने समारोह में आवंटियों को मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपें। इस अवसर पर बीकानेर से स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।