बच्चों के बीच केक कटवाकर एडिशनल एसपी सिद्धांत शर्मा ने मनाया जन्मदिन, रक्तदान शिविर में कई लोगों ने किया रक्तदान
समग्र सेवा मिशन संस्थान के संस्थापक सिद्धांत शर्मा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी रहते हैं सदैव तत्पर
जयपुर। एडिशनल एसपी सिद्धांत शर्मा ने अपना जन्मदिन सेवा, मानवता और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर अनूठे अंदाज में मनाया। झालाना स्थित महेश्वरी गार्डन में आयोजित जन्मदिन समारोह में उन्होंने छोटे बच्चों के बीच केक कटवाकर खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनी।
एडिशनल एसपी सिद्धांत शर्मा समग्र सेवा मिशन के संस्थापक भी हैं और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए निरंतर कार्य करते रहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने अपने जन्मदिन को भी सामाजिक सेवा और मानवता से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
रक्तदान शिविर में करीब 100 से ऊपर लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर मालवीय नगर एसीपी विनोद शर्मा ने भी रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया और लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के कई आला अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एडिशनल एसपी सिद्धांत शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वहीं अतुल्य संसार के संपादक प्रदीप सोलंकी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने सिद्धांत शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय बच्चों के बीच खुशियां बांटना, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की मदद करना और रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों से जोड़ना समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है। एडिशनल एसपी सिद्धांत शर्मा की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।