3 दिसंबर को राजस्थान के झालावाड में एंट्री करेगी कांग्रेस की भारत जोडो यात्रा, गहलोत- पायलट करेंगे मंच शेयर

जयपुर। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में 3 दिसंबर को ​दक्षिण पश्चिमी जिला झालावाड से प्रवेश करेगी। इस दौरान राहुल गांधी यात्रा से समय निकालकर जयपुर आयेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी जब जयपुर आयेंगे तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट कांग्रेस में एकजुटता देखने के लिए मंच शेयर कर सकते हैं।
यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने राहुल के प्रतिनिधि सुशांत मिश्रा व उनकी टीम झालावाड़ पहुंच चुकी है। बता दें कि सुशांत मिश्रा और उनकी टीम भारत जोडो यात्रा का मैनेजमेंट देख रहे हैं। मिश्रा ने झालावाड़ के पीपाड़ा क्षेत्र का शनिवार को दौरा किया, जहां से राहुल गांधी की यात्रा राजस्थान में एंट्री लेगी। खबरों के मुताबिक इससे पहले यात्रा के रूट में जयपुर शामिल नहीं था लेकिन अब राहुल गांधी जयपुर आ सकते हैं। इसके लिए सरकार और कांग्रेस पार्टी के स्तर पर मंथन जारी है।
राजस्थान में इन नेताओं की दी जिम्मेदारी
राजस्थान में भारत जोडो यात्रा के मैनेज करने और तैयारियां करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने राहुल गांधी के प्रतिनिधि सुशांत मिश्रा के साथ खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, राजस्व मंत्री रामलाल जाट और राजस्थान पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ को दी गई है। अत: तीनों ही कांग्रेस नेता शनिवार व रविवार को बारां-झालावाड़ में ही रहेंगे।

बता दें कि जयपुर क्षेत्र में जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, सीकर, अजमेर, दौसा, अलवर जैसी छह लोकसभा सीटें जुड़ी हुई हैं। और कुल मिलकार 19 विधानसभा सीटें भी हैं। ऐसे में राहुल गांधी के जयपुर आने पर इन सीटों पर बडा प्रभाव पडेगा।