शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने निर्देश दिए कि जिले में 2 अक्टूबर से शुरू होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान-2021 के दौरान राज्य सरकार की मंशानुरूप आमजन को अधिकाधिक लाभ मिले। यह निर्देश दिए जिला कलक्टर ने शनिवार को बूंदी पंचायत समिति के सभागार में अभियान के तहत आयोजित तैयारी शिविरों की प्रगति की समीक्षा के दौरान दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार आमजन को राहत मिले, इस तरह कार्य किया जाए। प्री कैंप के दौरान गांवों में संपर्क करें और प्री कैंप में अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बूंदी उपखण्ड में आयोजित प्री कैंपों में प्रगति कम होने पर नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि तैयारी शिविरों में आमजन की अधिकाधिक समस्याओं का समाधान किया जावे। उन्होंने बूंदी तहसीलदार को निर्देश दिए कि प्री कैंपों की दैनिक रिपोर्ट प्रतिदिन भिजवाना सुनिश्चित करें। साथ ही प्री कैंपों की सघन मॉनिटरिंग भी जावे।
बैठक में उपखण्ड अधिकारी बूंदी ललित गोयल, बूंदी तहसीलदार लक्ष्मीनारायण प्रजापत, विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।
दबलाना प्री कैंप का किया निरीक्षण
शनिवार को हिण्डोली उपखण्ड क्षेत्र की दबलाना ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित प्री कैंप का जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने प्री कैंप में विभागों द्वारा संपादित किए जा रहे कार्या तथा चिन्हित किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि प्री कैंप के दौरान अधिकाधिक संख्या में ग्रामीणों को लाभान्वित किया जाए तथा प्रकरण चिन्हित कर लिए जाए।