जयपुर। राजस्थान में कोरोना वैक्सीनेशन की स्पीड़ को बढ़ाने के लिए सरकार ने अब डोर टू डोर वैक्सीनेशन की सुवधिा शुरू कर दी है। यानि की अब कोराना वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य टीम आपके घर आयेगी। इसके लिए आपको 181 पर कॉल करना होगा। हालांकि इसमें एक शर्त भी रखी गई है। टीका लगाने वाली टीम तब ही घर आयेगी जब टीका लगवाने वाले कम से कम 10 लोग हों।
डॉ. रघुराज सिंह ने दी जानकारी
मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट में प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. रघुराज सिंह ने कि डोर टू डोर वैक्सीनेशन स्कीम की जानकारी देते हुए बताया कि अब से फोन कॉल करके भी वैक्सीन लगवा सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि हम अभी तक 21 लाख लोगों को घर पर वैक्सीन लगा चुके हैं। उन्होने बताया कि इसमें कम से कम 10 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। ताकि एक वॉयल खुले तो उसमें एक भी डोज खराब न जाए। यह व्यवस्था केवल 31 दिसंबर तक लागू होगी।
नये वेरिएंट के कारण वैक्सीनेशन स्पीड बढ़ी
देश में कोरोना के नये वेरिएंट ओमीक्राइन के केस आने के बाद सुस्त पड़ी वैक्सीनेशन की स्पीड़ फिर से बढ़ने लगी है। राज्य सरकार के आंकडे के मुताबिक राजस्थान में अक्टूबर और नवंबर में वैक्सीनेशन की स्पीड बहुत कम हो गई थी। अक्टूबर माह में रोज औसतन 2.13 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई जबकि यह संख्या नवंबर में घटकर रोज औसतन 1.90 लाख रह गई।
बता दें कि राजस्थान में अब तक 7 करोड़ 18 लाख 86,502 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। राजस्थान देश का 9वां राज्य बन गया है, जहां 7 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लग चुकी है।