कलेक्टर की सूझबूझ से पकड़ा गया फर्जी सांसद, पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर किया गिरफ्तार

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |

बूंदी में पंजाब से राज्य सभा सदस्य बनकर घूम रहे शख्स को जिला कलेक्टर रेणू जयपाल की सतर्कता से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जगजीत सिंह नामक व्यक्ति अपने आप को राज्यसभा सांसद नरेन्द्र सिंह गिल से परिचय करवाकर बूंदी के सर्किट हाउस में ठहरा हुआ था। इसके साथ बूंदी निवासी बालचंद पाडा निवासी रविन्द्र सिंह छाबड़ा ठहरा हुआ था। दोनों शुक्रवार को जमीन संबंधी कार्य के लिए कलक्टर कार्यालय गए। इसके बाद उक्त व्यक्ति जिला कलक्टर रेणु जयपाल से भी मिला। यहां जिला कलक्टर को दोनों के हावभाव देखकर शक हुआ तो उन्होंने अपने निजी सहायक को उनकी पहचान तलाशने को कहा। निजी सहायक पुनीत भारद्वाज ने सभी संबंधित कार्यालयों एवं उनके द्वारा बताए गए आईएएस अधिकारियों से संपर्क साध कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए बात की तो उन्होंने भी इससे अनभिज्ञता जताई। इस पर कलेक्टर के निर्देश पर निजी सहायक पुनीत भारद्वाज ने कोतवाली थाना में इस बाबत रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। जिसमें फर्जी राज्य सभा सांसद ने अपना नाम जगजीत सिंह जाति जाट सिख निवासी प्रतापनगर अंबा जिला उना हिमाचल प्रदेश बताया। वहीं इसके साथ सहयोगी बनकर घूम रहे व्यक्ति ने अपना नाम रविन्द्र सिंह छाबड़ा जाति जट सिख निवासी सथूर नाका, बालचदं पाडा बूंदी बताया।