अवैध खनन, बिना लीज के दर्जनों खदानों से हो रहा दोहन हिंडोली क्षेत्र में हो रहा खनन

धर्मेन्द्र सुवालका
हिण्डोली बून्दी |

हिंडोली क्षेत्र में खनिज विभाग व प्रशासन की लापरवाही के चलते भारी मात्रा में पहाड़ियों को ब्लास्टिंग से छलनी करके पत्थरो का अवैध खनन व दोहन किया जा रहा है। सैकड़ो ट्रैक्टर व डंपर बिना लॉयल्टी के पत्थरों का परिवहन कर रहे है। जिससे सरकार को लाखों रुपयों के राजस्व का चूना लग रहा है। वही खनन माफियाओं व अधिकारियों में गठजोड़ के चलते उनकी चाँदी हो रही है।

इन जगहों पर हो रहा अवैध खनन
जानकारी के अनुसार क्षेत्र की सथूर पंचायत में बैधनाथ महादेव, हाथी बाग, नक्षी गणेश मंदिर, चंद्रभागा नदी सहित अरावली पर्वतमाला को चारों तरफ से छलनी करके अवैध पत्थरो का दोहन किया जा रहा है। वही पगांरा ग्रामपंचायत में भी सोनिया वाली माता मंदिर के पास, गणेश मंदिर के पीछे घोड़ा दह से सेकड़ो ट्रेक्टर ट्रॉली व डंपर से अवैध पत्थरो का खनन किया जा रहा है। जिस कारण प्राकतिक संपदा को भारी नुकसान पहुँच रहा है।

ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में दहशत, मकानों में आई दरारे 

पत्थरो के खनन में ब्लास्टिंग का उपयोग किया जा रहा है। ब्लास्टिंग से होने वाले धमाकों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है वही अनहोनी का डर हमेशा बना रहता है। धमाकों की वजह से आस पास के मकानों व मन्दिरो की दीवारों में दरारे आ गई है। जिससे मकानों के धराशायी होने का खतरा हमेशा बना रहता है।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार ग्रामपंचायत में भी की लेकिन खनन माफियाओं के रसूख के चलते उन पर प्रभावी कार्यवाही नही हो पाती ।