Turkiye Earthquake : विनाशकारी भूकंप के बाद तुर्की में बढ़ गई लूटपाट, 48 लोगों को किया गिरफ्तार

तुर्की में भूकंप के बाद बचाव कार्य जारी है. लूटपाट की भी खबर है। समाचार एजेंसी एएफ़पी ने सरकारी मीडिया के हवाले से बताया कि तुर्की में भूकंप के बाद लूटपाट करने के आरोप में 48 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
 

इस मामले में तुर्की की समाचार एजेंसी अनादोलू ने बताया कि सोमवार को आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद लूटपाट की जांच के लिए आठ अलग-अलग इलाकों में संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया. इस भीषण भूकंप के कारण अब तक 28,000 लोगों की मौत हो चुकी है। अब यह संख्या हर दिन बढ़ती ही जा रही है।

तुर्की के आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित कानून के अनुसार, विशेष परिस्थितियों में लोगों को चोरी के अपराध के लिए अनुमत चार दिनों से तीन दिन अधिक हिरासत में रखा जा सकता है। दरअसल, राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने पहले वादा किया था कि तुर्की  लुटेरों पर नकेल कसेगा। भूकंप प्रभावित दियारबकीर क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने कहा, "हमने आपात स्थिति की घोषणा की है।"
 
एर्दोगन ने कहा कि इसका मतलब यह है कि अब से डकैती या अपहरण में शामिल लोगों को पता होना चाहिए कि उनके पीछे कानून का मजबूत हाथ है। एर्दोगन ने मंगलवार को दक्षिणपूर्वी तुर्की में भूकंप प्रभावित 10 इलाकों में तीन महीने के लिए आपातकाल की घोषणा की।
 
भूकंप ने तुर्की में अंताक्या, सनलिउर्फा और सीरिया में अलेप्पो शहर को नष्ट कर दिया। भारत समेत दुनियाभर के कई देश तुर्की में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि किसी तरह से मलबे में दबे लोगों की जान बचाई जा सके.
 
इस बीच, तुर्की में राहत और बचाव अभियान चला रहे एनडीआरएफ के जवानों ने एक ढही हुई इमारत के मलबे से आठ साल की एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एनडीआरएफ के प्रवक्ता ने बताया कि तुर्की की सेना के साथ गाजियांटेप प्रांत के नूरदागी शहर में अभियान चलाया गया। तुर्की के इलाके में सात फरवरी से एनडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है.