मौसम विभाग की चेतावनी, 2 दिसंबर से राजस्थान के इन संभागों में बारिश के साथ गिर सकते हैं ओले

जयपुर। मौसम विभाग की माने तो राजस्थान में एक दिसंबर के बाद कुछ हिस्सों में मौसम करवट लेने वाला है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होगा और बारिश के साथ—साथ कहीं— कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार 2 दिसंबर से लेकर पांच दिसंबर तक उदयपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश होने की संभावना है। और बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट होने वाली है। साथ ही प्रदेश में सर्दी बढ़ेगी।
इस दिन रहेगी ज्यादा संभावना
जयपुर मौसम के अनुसार 2 और 3 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश होने के ज्यादा आसार हैं। शुरूआत में दिसंबर से उदयपुर, कोटा के जिलों में हल्की बारिश देखेन को मिलेगी। सबसे ज्यादा बारिश के आसार कोटा संभाग में हैं। इसके अलावा उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, पाली, कोटा, झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं पूर्वी हिस्से के जयपुर, दौसा, अलवर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, धौलपुर और करौली जिलों में बारिश हो सकती है।
रवि की फसलों के लिए फायदा
बिना ओले गिरे बारिश होती है तो यह किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इन दिनों किसान गेंहु, चना, सरसों और अन्य दलहनों में पानी दे रहा है। इस समय की बारिश को मावठ के नाम से जाना जाता है। यह भूमध्य सागर से उठने वाले पश्चिमी विक्षोभों के कारण होती है।