जयपुर। एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रण में लाने के लिए एनसीआर क्षेत्र की सरकारें अपने अपने प्रयासों में जुटी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक अब हरियाणा के गुरुग्राम वहानों के लिए ईवन—ओड वाली योजना लागू की जा सकती है। फिलहाल इसको लागू करने के लिए सरकार की आधिकारिक घोषणा करना बाकी है। दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में फैले जहरीले स्मॉग की जांच में मदद के लिए एक आपात बैठक के बाद गुड़गांव प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि वे अगले सप्ताह से सम-विषम नियम लागू करने के लिए तैयार हैं। स्थिति को बहुत गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, हम सम-विषम नियम लागू करने पर विचार करेंगे। हमने एक समिति बनाई है जो वायु प्रदूषण की समस्या को देखेगी।
वहीं, गुडगांव के उपायुक्त यश गर्ग ने कहा, "पिछले कुछ दिनों में एक्यूआई खराब हो रहा है, और वायू प्रदूषण का कारण वाहन भी हैं तो इसलिए सम विषम वाली योजना पर अमल किया जा रहा है।
2016 में केजरीवाल ने दिल्ली में की थी शुरूआत
2016 में, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने "ऑड-ईवन" योजना शुरू की थी, ईवन ओड योजना का मतलब है कि एक दिन सम नंबर प्लेट वाले वाहन राजधानी में चलेंगे और उस दिन विषम नंबर वाले वाहन बंद रहेंगे। ऐसे ही अगले दिन विषम नंबर वाले वाहन ही चल सकेंगे।
वहीं दूसरी तरफ दिवाली के बाद से मिलेनियम सिटी में वायु गुणवत्ता बहुत खराब और गंभीर श्रेणियों के बीच बनी हुई है। लेकिन जहां पराली जलाने में कमी आई है, वहीं खुले में जहरीले कचरे को जलाने से वायु प्रदूषण बना रहेगा।