जयपुर। अगले साल यूपी में होने वाले विधाानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी वासियों को नई—नई सौगात दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने ने शनिवार को एक बटन दबाकर उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में 9,800 करोड़ रुपये की सरयू नाहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन किया। सरयू नाहर नहर परियोजना पिछले 40 वर्षों से पेडिंग थी, जिसे आज पीमए मोदी ने शुरू कर दिया। इस नहर के चालू होने के बाद किसानों का काफी फायदा होने की उम्मीद है। नहर प्रणाली से राज्य के पूर्वी हिस्से में उन लाखों किसानों को लाभ होने की उम्मीद है जो पानी की कमी और सिंचाई के मुद्दों से जूझ रहे थे।
1978 में शुरू हुई थी सरयू नाहर परियोजना
सरयू नाहर राष्ट्रीय परियोजना 1978 में शुरू हुई थी, लेकिन अधिकारियों ने बजटीय समर्थन की निरंतरता, अंतरविभागीय समन्वय और सही देख रेख नहीं होने के कारण यह चालू नहीं हो सकी।
केंद्र में प्रधान मंत्री मोदी के सत्ता में आने के दो साल बाद, इस परियोजना को 2016 में प्रधान मंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत लाया गया था। प्रधानमंत्री ने कहा जो नहर पिछले 41 बर्षों से शुरू होने का इंतजार कर रही थी उसे हमने पिछले 4 साल में पूरा कर दिया है। प्रधानमंत्री शनिवार दोपहर करीब 1 बजे बलरामपुर पहुंचे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और राजनेताओं के साथ मंच संभाला।
6,623 किलोमीटर लंबी है नहर
जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि 6,623 किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली बहराइच क्षेत्र के नौ जिलों के लगभग 29 लाख किसानों के लाभ के लिए 14 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि की सिंचाई के लिए सुनिश्चित पानी उपलब्ध कराएगी।