दिवंगत सीडीएस सहित अन्य शहीदों को रात 9 बजे श्रद्धांजलि देंगे पीएम मोदी; 3 सेना प्रमुख भी होंगे मौजूद

जयपुर। तमिलनाडू के कन्नूर में हेलिकॉप्टर क्रैश में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत सहित बारह अन्य के पार्थिव शरीर को लेकर सैन्य विमान सुलूर वायुसेना अड्डे से रवाना हो गया है। यह विमान और शाम साढ़े सात बजे दिल्ली पहुंचेगा। पालम एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। सेना के सूत्रों ने बताया कि मृतक जवानों के परिजन भी दिल्ली पहुंच गए हैं।

रात 9 बजे बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देंगे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी आज रात करीब 9 बजे दिवंगत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और अन्य सशस्त्र बलों के जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और तीन सेना प्रमुख भी मौजूद रहेंगे।

दूसरी तरफ भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह, कुन्नूर सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में जीवित बचे, को आगे के इलाज के लिए कमांड अस्पताल, बेंगलुरु में स्थानांतरित कर दिया गया।
इससे पहले तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और सैन्य कर्मियों सहित अन्य ने गुरुवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और 12 अन्य लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की। रक्षा सूत्रों ने बताया कि जनरल रावत और अन्य के पार्थिव शरीर को बाद में सड़क मार्ग से कोयंबटूर ले जाया गया जहां से उन्हें सी-130जे विमान से नई दिल्ली ले जाया गया।