Rajasthan : BJP सांसद सीपी जोशी संसद में गहलोत सरकार पर जमकर बरसे बोले - रोजे में 24 घंटे बिजली, नवरात्रि की चिंता नहीं;
Jaipur: मंगलवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद सीपी जोशी ने संसद में गहलोत सरकार पर हमला बोला. उन्होंने गहलोत सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान सरकार रोजे के दिनों में 24 घंटे बिजली दे रही है लेकिन नवरात्रि की चिंता नहीं है. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का श्रेय मोदी सरकार को देते हुए सांसद ने कहा कि गहलोत सरकार मंदिर तोड़ रही है.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच तंज कसते हुए उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मजाक उड़ाया और कहा कि वह सबसे पहले राजस्थान में दो लोगों को जोड़कर दिखाएं। इस दौरान सांसद ने रानी
पद्मावती का जिक्र करते हुए उनकी निशानी मिटाने का आरोप लगाया तो विपक्ष के
सदस्य हंगामा करने लगे। उन्होंने सांसद पर सती प्रथा के समर्थन का आरोप
लगाकर विरोध जताया। दोनों पक्षों के हंगामे और असमंजस के कारण सदन को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा।
बजट में किए गए प्रावधानों को लेकर मोदी सरकार की तारीफ करते हुए सीपी जोशी ने अयोध्या में राम मंदिर का स्वागत करते हुए कहा, 'आज अयोध्या देश नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र बन रहा है. आपने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया कि राम काल्पनिक हैं। राम ने कभी जन्म नहीं लिया। बाबासाहेब की विधि पुस्तक से भगवान श्री राम, लक्ष्मण जी और सीता मैया के पृष्ठों को हटाने का पाप आपने ही किया था।
आपने श्री कृष्ण और अर्जुन के पृष्ठ को हटा दिया था, हनुमान जी के संकटमोचक को हटा दिया। मेरी सरकार महाकाल लोक का निर्माण करती है तो राजस्थान में शिव मंदिरों को ड्रिल मशीन से तोड़ा जाता है, तब हमें दर्द होता है। आप तुष्टिकरण की बात करते हो, नवरात्रि पर लोग भूखे पेट रहते हैं तो उनकी
चिंता नहीं। लेकिन राजस्थान में एक ऐसी सरकार है जो कहती है कि रोजे के
दिनों में 24 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, उन्हें नवरात्रि की चिंता नहीं रहती
है। तब हमें तकलीफ होती है।
उन्होंने कहा कि हिंदू संगठनों के जुलूस को रोका जाता है और पीएफआई जैसे आतंकी संगठनों को छूट दी जाती है। जोशी ने कहा, "और आपने ऐसा कुछ किया, रानी पद्मावती जिसने अपनी पवित्रता की रक्षा के लिए अलाउद्दीन खिलजी के सामने अपना चेहरा नहीं दिखाया, 16,000 रानियों के साथ खुद को जला दिया, लेकिन आप ने वहां लगे चिह्न को हटाने का काम किया।' इस पर डीएमके समेत विपक्ष दलों के सांसदों ने आपत्ति जाहिर की। उन्होंने सती प्रथा के समर्थन का आरोप लगाया तो जोशी ने कहा कि उन्होंने
सतीत्व की रक्षा पर यह बात कही है और इस पर अडिग हैं। हंगामा बढ़ने पर
स्पीकर ने कुछ देर के लिए कार्यवाही को स्थगित कर दिया। उन्होंने कहा कि
इसकी जांच करेंगे।