जयपुर। महाराष्ट्र के नासिक में आज सुबह एक बस में आग लगने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 30 घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि नासिक-औरंगाबाद राजमार्ग पर डीजल ले जा रहे ट्रेलर ट्रक से टकराने के बाद बस में आग लग गई।
नासिक के पुलिस उपायुक्त अमोल तांबे ने कहा, "मरने वालों में ज्यादातर बस के यात्री थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।" उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आग के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें सवारियों से भरी हुई धू धू करके जलती हुई दिखाई दे रही है जिसे दमकल अधिकारी बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि दुर्घटना सुबह करीब 5.15 बजे हुई जिसके बाद उन्होंने पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। उन्होंने कहा कि आग इतनी भीषण थी कि वे यात्रियों को बचाने के लिए कुछ नहीं कर सके। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में एक सदस्य को खोने वाले परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। घायलों को ₹50,000 दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हादसे में मारे गए लोगों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। राज्य के मंत्री दादा भुसे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार घायलों के इलाज का खर्च उठाएगी, अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है।