संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जयपुर पहुंची कलश यात्रा मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

भाजपा का समरसता संकल्प अभियान

संत रविदास जी के समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी कलश यात्रा-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 30 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को राजापार्क स्थित श्री राम मंदिर पहुंचकर संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश यात्रा के जयपुर आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने वाराणसी से लाए गए कलश को सिर पर धारण कर सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन और उनकी वाणी सामाजिक समरसता, समानता तथा मानवता का संदेश देती है। संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से निकली पावन कलश यात्रा देशभर में समरसता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यह पावन कलश प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगा और प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह यात्रा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत संत रविदास जी के विचारों और आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का राजस्थान से विशेष संबंध रहा है। मीराबाई ने संत रविदास जी को अपना गुरु बनाया। चित्तौड़गढ़ में मीराबाई मंदिर के सामने संत रविदास जी के चरणचिन्ह आज भी मौजूद हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से संत रविदास जी के समरसता एवं समानता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान के उत्थान के लिए कार्य कर कर रही है। हमारी सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। 

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा, प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी, कैलाश मेघवाल वाराणसी से इस कलश को लेकर जयपुर पहुंचे थे। इस यात्रा का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। 

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी एवं मिथलेश गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। 
-------