जयपुर। भारती एयरटेल ने 1 अक्टूबर, 2022 से भारत में अपनी 5G सर्विस लॉन्च कर दी थी। कंपनी ने औपचारिक रूप से देश में अपनी 5G सेवाओं की घोषणा की। एयरटेल ने आज घोषणा की कि दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, सिलीगुड़ी, नागपुर और वाराणसी में उसके ग्राहकों को आज से एयरटेल की 5जी प्लस सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
एयरटेल का कहना है कि वह स्टेप वाई स्टेप 5जी सेवा को सभी शहरों में पहुंचाना शुरू कर देगी और यह पूरे देश में व्यापक रूप से यूजर्स को उपलब्ध करायी जायेगी। कंपनी ने यह भी कहा कि इस साल के अंत तक, यह 5G प्लस सभी प्रमुख महानगरों में उपलब्ध होगा और 2023 के अंत तक इसका 5G नेटवर्क देश के सभी प्रमुख शहरों में उपलब्ध होगा। एयरटेल कथित तौर पर मार्च 2024 तक देश भर में अपने 5G नेटवर्क को तैनात करने की योजना बना रही है।
एयरटेल 5G प्लस की विशेषता बताते हुए कहा कि वह अपने मौजूदा 4G नेटवर्क की तुलना में 20 से 30 गुना अधिक गति प्रदान करेगी। एयरटेल ने यह भी कहा कि उसका 5जी प्लस नेटवर्क ग्राहकों को हाई डेफिनिशन वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग और अन्य चीजों के साथ वीडियो और फोटो को तुरंत अपलोड करने की क्षमता प्रदान करेगा।
एयरटेल 5जी प्लस सर्विस टैरिफ प्लान
टैरिफ योजनाओं के बारे में बात करते हुए, एयरटेल ने कहा कि जिन ग्राहकों के पास 5G स्मार्टफोन हैं, वे एयरटेल 5G प्लस को अपने मौजूदा डेटा प्लान पर तब तक एक्सेस कर पाएंगे, जब तक कि रोल आउट अधिक व्यापक नहीं हो जाता। कंपनी ने यह भी कहा है कि उपयोगकर्ताओं के 4G सिम कार्ड उसके 5G नेटवर्क के अनुकूल हैं और इसलिए उन्हें 5G नेटवर्क तक पहुंच प्राप्त करने के लिए अपने सिम कार्ड को अपग्रेड करने की आवश्यकता नहीं है।