Baran : पात्र को लाभ मिले - जिला प्रमुख जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक में दिए निर्देश

संवाददाता विष्णु भारद्वाज

बारां राजस्थान

बारां, 12 मई। जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि जिले में राज्य सरकार की लोक कल्याण की योजनाओं का लाभ गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र वर्ग को सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निर्धारित योजनाओं व लक्ष्य को आमजन का हित सर्वाेपरी रखते हुए पूर्ण किया जाना चाहिए।
जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया मिनी सचिवालय सभागार में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक को संबोधित कर रही थी। बैठक में जिला परिषद बारां द्वारा जिले में संचालित राजीव गांधी जल संचय योजना फेज-2 एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की प्रगति रिपोर्ट पीपीटी के माध्यम से प्रदर्शित की गई। प्रजेन्टेशन में बताया गया कि जिले के 8 उपखंड अन्ता, अटरू, बारां, मांगरोल, छबड़ा, छीपाबड़ौद, किशनगंज एवं शाहबाद में राजीव गांधी जल संचय योजना फेज-2 संचालित की जा रही है जिसमें कुल 153 गांव शामिल हैं एवं उपखंड छीपाबड़ौद, किशनगंज एवं शाहबाद में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना संचालित की जा रही है जिसमें कुल 72 गांव शामिल हैं।
जिला प्रमुख ने कहा कि जिले में पेयजल आपूर्ति, मौसमी बीमारियों के नियंत्रण, विद्युत आपूर्ति सहित आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित विभाग संवेदनशीलता से कार्य करते हुए आमजन को राहत प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले में प्रधान, पंचायत समिति सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा आमजन की समस्याओं के संबंध में संबंधित क्षेत्र को अधिकारियों को अवगत कराया जाता है तो इस संबंध में सजग होकर कार्य करते हुए राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे महंगाई राहत कैंप में प्रत्येक पात्र का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने को कहा।
जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि जिले में 40 स्थाई महंगाई राहत कैंप एवं प्रशासन गांवों के संग, प्रशासन शहरों के संग एवं मोबाइल महंगाई राहत कैंप सहित कुल 54 कैंप चरणबद्ध रूप में आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बैठक में मौजूद जिला स्तरीय एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों कोे महंगाई राहत कैंप में जाकर नियमित निरीक्षण करने एवं व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र मीना को प्रत्येक कैंप में पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिला कलक्टर ने कहा कि पार्षदों व वार्ड पंचों की सहायता से लोगों को कैंपों में आने के प्रति प्रोत्साहित करें एवं जन-जन तक कैंपों की जानकारी पहुंचाएं। इस अवसर पर उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, डेयरी चेयरमेन प्रदीप काबरा, समस्त पंचायत समिति प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।