जयपुर। दिवाली से पहले केंद्रिय कर्मचारियों को केंद्र सरकार ने दिवाली का तोहफा दिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गुरुवार को केंद्र सरकार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) की किस्त और पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (डीआर) जारी करने को मंजूरी दे दी।
सरकार का यह फैसला 1 जुलाई, 2021 से प्रभावी होगा। बता दें कि डीए और डीआर बढ़ोतरी की घोषणा से लगभग 47.14 लाख केंद्र सरकार के कर्मचारियों और 68.62 लाख पेंशनभोगियों को इसका सीधा लाभ होगा। इस घोषणा के बाद डीए और डीआर दोनों के कारण राजकोष पर लगभग ₹ 9,488.70 करोड़ प्रति वर्ष प्रभाव पडेगा।
इससे पहले सितंबर में, वित्त मंत्रालय के तहत व्यय विभाग ने एक ज्ञापन जारी किया था जिसमें कहा गया था कि सेवानिवृत्त केंद्र सरकार के कर्मचारियों को नकद भुगतान और ग्रेच्युटी मिलेगी। वहीं, कुछ महिनों पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिए जाने वाले डीए और महंगाई राहत (डीआर) को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी करने की मंजूरी दी थी।
सरकार ने कोविड-19 महामारी को देखते हुए डीए और डीआर की अतिरिक्त किस्तों पर रोक लगा दी थी।
1 जुलाई से प्रभावी केंद्र की डीए बढ़ोतरी का मतलब था कि कर्मचारियों को पिछली अवधि के लिए डीए में संशोधन नहीं करने पर कोई बकाया नहीं मिलेगा।