भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव घोषणा पत्र समिति का किया गठन, जयपुर की जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी
जयपुर, 3 अगस्त। Pradeep Kumar भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान ने आगामी स्थानीय निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों को गति देते हुए घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। प्रदेश कार्यालय से 2 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार राज्यसभा सांसद श्री घनश्याम तिवाड़ी को जयपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति का उद्देश्य स्थानीय निकाय चुनाव के लिए जनभावनाओं, स्थानीय आवश्यकताओं और विकास संबंधी सुझावों के आधार पर प्रभावी घोषणा पत्र तैयार करना है।
समिति में प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व महापौरों और अनुभवी जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। जयपुर के लिए घनश्याम तिवाड़ी की नियुक्ति को संगठन ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना है। वे लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और संगठनात्मक अनुभव के लिए जाने जाते हैं।
प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी के हस्ताक्षर से जारी इस सूची में कुल 13 सदस्यों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा का लक्ष्य स्थानीय स्तर के सुझावों को शामिल कर ऐसा घोषणा पत्र तैयार करना है, जो आमजन की अपेक्षाओं और स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं को प्रतिबिंबित करे।