संवादाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी
पंचायत समिति हिण्डोली में समीक्षा बैठक आयोजित, सीईओ ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की मंगलवार को पंचायत समिति हिण्डोली मुख्यालय स्थित तहसील सभागार में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार ने समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
सीईओ प्रतिहार ने पॉवर पोईंट प्रजेंटेशन के माध्यम से योजनावार विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनहित कार्यो को टीम भावना से करवाया जावे। जनहित कार्यो को समय पर पूरा करवाना हमारी प्रथम प्राथमिकता रहे। कार्यो में गुणवत्ता से कोई समझोता नहीं करवाया जावे। विभिन्न योजना के तहत प्रगतिरत कार्यो को समय सीमा में पूर्ण करवाया जावे।
उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत अधिकाधिक परिवारों को 100 दिवस रोजगार उपलब्ध करवाने, रिजेक्टेड पेमेंट प्रकरण को शून्य करने के साथ ही प्रकरण में गंभीरता बरते के निर्देश दिए। साथ ही निर्देश दिए कि विकास अधिकारी वसूली प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण करने में प्रगति लावे। सहायक अभियंता वार्षिक कार्य योजना 2022-23 की रेंडमली जांच उपरांत नियमानुसार जिला परिषद में प्रेषित करे।
आवास योजनाओं में लाभार्थियों के आवास पूर्ण करवाये तथा आवास निर्माण प्रगति के साथ-साथ समय-समय पर जियो टेंगिग करवाये। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों से कहा कि विभाग द्वारा उपलब्ध करवायी गई राशि का ई पंचायत पोर्टल तथा ई ग्राम स्वराज से भुगतान करे। राज्य वित्त आयोग षष्ठम के तहत प्राप्त राशि में कोविड सहायको, सुरक्षा गार्डो, बकाया बिजली बिल भुगतान तथा पम्प चालको को भुगतान में प्राथमिकता दी जावे। उन्होंने जनता जल योजना, आरजीएसए, अम्बेडकर भवन, राज्य वित्त आयोग, विधायक कोष, गुरू गोलवलकर, स्वच्छ भारत मिशन, राजीव गांधी जल संचय योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की।
उन्होंने विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि योजनाओं में शतप्रतिशत प्रगति के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किये जावे। प्रत्येक योजना की नियमित समीक्षा की जावे। जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए नियमानुसार कार्यवाही की जावे। आगन्तुक ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाकर समस्या निस्तारण का प्रयास किया जावे।
इस दौरान एस. ई. वॉटरशेड सी. एल. सालवी, नरेगा एक्सईएन प्रियव्रत सिंह, इंजि. एक्सईएन जितेन्द्र कुमार न्याती, व. लेखाधिकारी रामनारायण मीणा, आंतरिक अंकेक्षण लेखाधिकारी चन्द्र प्रकाश राव, हिण्डोली विकास अधिकारी प्रेमराज मीणा, एईएन राजकुमार सोनी व मोहन लाल मीणा, सहायक विकास अधिकारी एवं ब्लॉक प्रभारी संतोष गोपाल सिंह आदि मौजूद रहे।