संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान|
कोटा के हैंगिंग ब्रिज के पास चंबल नदी के पिकनिक स्पॉट पर मंगलवार को एक युवक और युवती के शव मिले हैं। शवों की हालात को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे दो से तीन दिन पुराने हैं। दोनों ही शवों के पास कोई दस्तावेज नहीं मिलने के कारण अभी तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। युवक के हाथ पर किलर बाबा-302 लिखा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार दोनों शव भंवर कुंज की गहराइयों में मिले हैं। पिकनिक स्पॉट पर युवक और युवती के शव मिलने की सूचना से वहां सनसनी फैल गई। इसकी सूचना पर नगर निगम के गोताखोर तत्काल मौके पर रवाना हुए। बाद में पुलिस की मौजूदगी में चंबल नदी से शवों को बाहर निकाला गया। दोनों शवों के पास से कोई पहचान कार्ड आदि बरामद नहीं हुआ है। इसके कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक मृतक युवक के एक हाथ पर किलर बाबा 302 लिखा हुआ है। युवक युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। गोताखोरों के मुताबिक शव करीब 2 से 3 दिन पुराने हैं। संभवना जताई जा रही है कि युवक और युवती ने भंवर कुंज पिकनिक स्पॉट के पास चट्टानों के ऊपर से चंबल नदी में छलांग लगाई है। इस कारण दोनों के शव चंबल नदी की गहराइयों में चले गये थे। फिर फूलकर ऊपर आये हैं।
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या ही मान रही है। हालांकि वास्तविक स्थिति का पता उनकी पहचान होने और परिजनों के आने पर ही लग पायेगा। युवक युवती ने आत्महत्या की है या फिर वह किसी हादसे का शिकार हुए हैं इसका भी सही पता जांच से चल पायेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थाना इलाकों में दर्ज हुई गुमशुदगी के मामलों को भी खंगाल रही है। पुलिस इस मामले में आत्महत्या और हादसा दोनों की पहलुओं पर नजर रखकर उसकी जांच कर रही है।