नहर में मिला युवक का शव, डूबने से हुईं मोत

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान|

किशोरपुरा थाना क्षेत्र की दाईं मुख्य नहर में शनिवार दोपहर को एक युवक का शव मिला है। पुलिस प्रथम दृष्टया युवक के नहर में कूद कर आत्महत्या करना मान रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंपा है। मामले में मर्ग दज कर जांच शुरू कर दी है।

किशोरपुरा थानाधिकारी हरलाल ने बताया कि किशोरपुरा गोशाला निवासी होतचंद माखिजा उर्फ हितेश (43) का शव किशोरपुरा क्षेत्र की दाईं मुख्य नहर में मिला है। होतचंद के परिजनों ने सुबह उसकी गुमशुदगी थाने में दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच सूचना मिली कि किशोरपुरा गेट के पास नहर में शव है। सूचना पर पुलिस व नगर निगम के गोताखोर मौके पर पहुंचे और शव निकाला। मृतक की शिनाख्त होतचंद के रूप में हुई। थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। होतचंद किशोरपुरा गोशाला में बने मकान में पत्नी, पुत्र व पुत्री के साथ रहता था।

मृतक के पुत्र मोहित ने बताया कि उसके पिता शुक्रवार दोपहर एक बजे करीब घर से स्कूटर से राशन लेने के लिए निकले थे। वह सिंधी कॉलोनी में कई राशन की दुकानों पर गए थे। इसके बाद कॉलोनी की ही एक धर्मशाला में गमी की बैठक में भी शामिल हुए। रात को 7 से 9 बजे के बीच होतचंद ने किसी व्यक्ति के फोन से घर पर फोन किया था, लेकिन उसकी पत्नी ने फोन नहीं उठाया था। होतचंद रात 10 बजे करीब सिंधी कॉलोनी में रहने वाले उसके मामा के यहां स्कूटर खड़ा कर कहीं चला गया। रात 12 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। सुबह भी परिजनों ने उसके तलाश किया, नहीं मिला तो थाने में गुमशुदगी दी।