Baran: जिला कलक्टर ने रात्रि चौपाल के तहत ग्राम पंचायत गोरधनपुरा में की जनसुनवाई
ब्यूरो चीफ शिव कुमार शर्मा
बारां कोटा संभाग
बारां, 20 जनवरी। जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने रात्रि चौपाल कार्यक्रम के तहत उपखंड छीपाबडौद की ग्राम पंचायत गोरधनपुरा में जनसुनवाई करते हुए ग्रामवासियों के विभिन्न परिवादों को सुना और उपस्थित अधिकारियों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में आमजन की परिवेदनाओं की सुनवाई के लिए रात्रि चौपाल सहित ग्राम, उपखण्ड एवं जिला स्तर पर जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामवासियों को जागरूक होकर अपने घर के नजदीक आयोजित इन जनसुनवाई कार्यक्रमों में पहुंचकर विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए आवेदन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के प्रकरणों को राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज कर परिवादी को दी गई राहत व कार्यवाही की ऑनलाइन मॉनटिरिंग भी की जाती है। जनसुनवाई में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अतिक्रमण सहित विभिन्न परिवादांे की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को राहत देने के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम, विकास अधिकारी, तहसीलदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील कार्यालय एवं पुलिस थाना का किया निरीक्षण-
जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने रात्रि चौपाल से पूर्व छीपाबडौद में उपखंड अधिकारी कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय एवं पुलिस थाना सारथल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि राजस्व परिवादों एवं आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए राहत प्रदान की जानी चाहिए। इस मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, थानाधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।