Baran : जिला प्रभारी सचिव ने अन्ता में किया सघन निरीक्षण
ब्यूरो चीफ शिव कुमार शर्मा
बारां कोटा संभाग
बारां, 20 जनवरी। जिला प्रभारी सचिव एवं प्रबंध निदेशक राजफेड उर्मिला राजौरिया ने बारां प्रवास के दूसरे दिन उपखंड अन्ता की ग्राम पंचायत खजूरनाकला में आंगनबाड़ी केन्द्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, नटराज गौशाला एवं मनरेगा के तहत खजूरनाकला से बड़वा ग्रेवल रोड़ का कार्य का निरीक्षण करते हुए उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जिला प्रभारी सचिव ने सीएचसी मिर्जापुर का निरीक्षण भी किया।
समन्वयक अधिकारी हरिशंकर नुवाद ने बताया कि जिला प्रभारी सचिव उर्मिला राजौरिया ने आंगनबाड़ी केन्द्र खजूरनाकला का निरीक्षण करते हुए बच्चों को नियमित गर्म पोषाहार प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के नामांकन, अधिगम सामग्री की जानकारी लेते हुए शैक्षिक भित्ति चित्रों की सराहना की। इसी क्रम में श्री गोपाल गौ सेवा समिति द्वारा खजूरनाकला में संचालित नटराज गौशाला में पशुओं को टीकाकरण, चारा व्यवस्था आदि के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत खजूरनाकला से बड़वा तक ग्रेवल रोड़ के कार्य का निरीक्षण करते हुए श्रमिकों व मेट से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खजूरनाकला का निरीक्षण करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश दिए। जिला प्रभारी सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मिर्जापुर का निरीक्षण के दौरान निशुल्क दवा, जांच के संबंध में जानकारी ली। सीएमएचओं डॉ. संपतराज नागर ने दवाओं की उपलब्धता, निशुल्क जांचों, ओपीडी एवं अन्य सेवाओं की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।