सब साथ चलें तो रामनगर को बना दें आदर्श गांव, जिला कलेक्टर ने रामनगर में किया ग्रामीणों से संवाद

संवाददाता शिवकुमार शर्मा

बूंदी |

जिला कलेक्टर रेणु जयपाल ने गुरुवार को बूंदी पंचायत समिति के रामनगर गांव में पहुंचकर ग्राम वासियों से संवाद किया। राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आयोजित बैठक में उन्होंने ग्रामीणों से गांव की प्रमुख समस्याएं जानीं और ग्रामीणों को शिक्षा, कौशल विकास के लिए प्रेरित किया ताकि वे विकास की राह पर आगे बढ सकें। जिला कलेक्टर ने समस्याएं सुन संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के संबंध में निर्देश दिए। ग्रामीण अपने बीच में जिला कलक्टर एवं प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को पाकर खुश हुए एवं उनकी इस पहल का स्वागत किया।
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे आपसी मनमुटाव मिटा कर एक साथ ग्राम विकास के लिए काम करें। बच्चों को शिक्षा अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षित होंगे तो रोजगार के अनेक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं को उनके कौशल एंव रूचि के अनुरूप प्रशिक्षण दिलवाए जा सकते हैं ताकि वे राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित हो सकें और जीविकोपार्जन कर सकें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
एडीएम एयू खान ने कहा कि ग्रामीण जन एकजुटता से रहें और विकास के पथ पर आगे बढ़े। सीईओ मुरलीधर प्रतिहार ने कहा कि गांव में विकास कार्य पहले से ही चल रहे हैं। ग्रामीणों के सहयोग से उनके कौशल और रुचि के अनुसार भी कार्य शुरू कराए जा सकते हैं। उपखंड अधिकारी कमल कुमार मीणा ने भी शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया। उपाधीक्षक पुलिस हेमन्त नोगिया ने कहा कि ग्रामीणजन मेल-मिलाप से रहते हुए सद्भाव का वातावरण बनाएं। विकास अधिकारी जगजीवन कौर ने ग्रामीणों के हुनर और कौशल को कविता के माध्यम से व्यक्त करते हुए उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
बैठक में स्वयंसेवी संस्था बचपन बचाओं के प्रतिनिधि वरूण ने बताया कि किस तरह प्रशिक्षण और क्षमतावर्धन गतिविधियों से समाज में बदलाव लाया जा सकता है। समाजसेवी के.सी.वर्मा ने कहा कि समाज के पढ़े-लिखे युवक युवतियों को बेहतर भविष्य निर्माण के लिए आगे आना चाहिए। सरपंच श्रीमती बबीता भी मौजूद रही। पूर्व सरपंच मुकेश मेघवाल, ग्रामवासी बालक दास, बीबूलाल एवं अन्य ने गांव के विकास के लिए सुझाव रखे। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों के गांव में आगमन एवं ग्रामीणों की समस्याएं जानने के लिए साधुवाद दिया।
मॉडल खेल मैदान बनाएंगे
बाल कल्याण समिति के सदस्य छुट्टन लाल शर्मा ने बताया कि इस गांव में श्रेष्ठ खेल प्रतिभाएं हैं जिन्हें सुविधाएं एवं अवसर मिलने चाहिए। इस पर जिला कलक्टर ने खेल प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण दिलवाने की बात कही। विकास अधिकारी जगजीवन ने कहा कि इस गांव में खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए मॉडल खेल मैदान तैयार कराया जाएगा।
ये भी आए सुझाव
बैठक में मुख्य रूप से छात्रावास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोचिंग की व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस स्टाफ, विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण इत्यादि के सुझाव रखे गए। बैठक में तहसीलदार, पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं आशा सहयोगिन, बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि एवं अन्य मौजूद रहे।