बूंदी ( शिवकुमार शर्मा ) हिंडोली थाने में एक शिक्षिका ने अपने ही विद्यालय के शिक्षक के खिलाफ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शराब पीकर छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज करवाया है।
शिक्षक पर आरोप है कि उसने शराब के नशे में स्वतंत्रता दिवस के दिन शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ की है। मामला हिंडोली के राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय का है। पीडित शिक्षिका ने मामले की रिपोर्ट हिंडोली थाना पुलिस को दी है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हिंडोली राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में तैनात शिक्षक नारायण लाल मीणा निवासी पेच की बावड़ी ने शराब के नशे में इसी विद्यालय में तैनात महिला शिक्षिका का हाथ पकड़ कर छेड़छाड़ व अभद्रता कर दी। छेड़छाड़ के बाद पीडित महिला शिक्षिका ने मामले की रिपोर्ट हिंडोली थाना पुलिस को दी। जिस पर हिंडोली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले में जांच की जा रही है।
इसको लेकर जांच अधिकारी जगदीश बाबू ने बताया कि पीड़िता ने आज रिपोर्ट सौंपी है जिसके तहत आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है आगे की कार्रवाई जारी है।