मोईकलां में पंचायतीराज की पहली ओपन जिम का हुआ उदघाटन, सरपंच मेरोठा बोले शहर और गांव की दूरी कम करना लक्ष्य

कोटा 25 जून। स्मार्ट गांव के रूप में विकसित हो रहा मोईकलां के साथ एक और कीर्तिमान जुड गया है। हाडौती में पंचायतीराज की पहली ओपन जीम का मोईकलां में उद्घाटन हुआ। मोईकलां सरपंच प्रदीप मेरोठा ने बताया कि अब शहर की तरह गांव मोईकलां में भी ओपन जीम बनकर तैयार हो गई थी। जिसका उदघाटन मन्यागण आश्रम प्रमुख बाबा निरंजननाथ अवदूत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ अध्यक्षता कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल ने की विशिष्ट अतिथि के रूप में सांगोद प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, उपप्रधान ओम अडूखा, जिला परिषद सदस्य लाला किशन गुप्ता रहे।

उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य लालाकिशन गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण विकास देखना हो तो मोईकलां के विकास को देखना चाहिए। सरपंच प्रदीप मेरोठा ने मात्र ढाई साल में चहुंमुखी विकास कर बता दिया कि जनता के बीच सच्ची लगन से काम किया जाए तो गांव शहर बन जाता है। उपप्रधान ओम अडूखा ने कहा कि मोईकलां जैसा विकास सभी जगह हो तो ग्रामीण जनता शहरों में क्यों जाएगी।
प्रधान जयवीर सिंह ने कहा कि मुझे गर्व हो रहा है कि मेरी प.स. की मोईकलां पंचायत में सरपंच मेरोठा ने नवाचार करते हुए हाडौती की पहली ओपन जीम बना डाली। जो ग्रामीण जनता के सोच के बाहर का मामला था।
जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल ने उपस्थित सरपंचों वह ग्राम विकास अधिकारियों से कहा कि आप लोगों को सरपंच मेरोठा से सीख लेनी चाहिए। इनका एक‘-एक काम उदाहरण लायक हैं। ऐसा विकास सभी जगह हो जाएगा तो लोग उल्टे शहरों से गांवंों की तरफ वापस आने लगेंगे। सरपंच मेरोठा ने अपनी सच्ची लगन से जो मेहनत की है आज वह हाडौती ही नहीं राजस्थान में मोईकलां उदाहरण के रूप में खडी हो गई है। मेरी तरफ से जितना हो सकेगा बजट भी उपलब्ध करवाउंगा। कोई कमी नहीं रखूंगा।

मुख्य अतिथि बाबा निरंजननाथ अवदूत ने सभी को आर्शिवाद देते हुए कहा कि मोईकलां की जनता को धन्य है कि जिन्होंने मेरोठा जैसे नवयुवक सरपंच का चुनाव किया। इस ढाई साल में मोईकलां पहचानने में नहीं आ रही। ग्रामीण विकास के पूरे प्रयोग मेरोठा के नेतृत्व में मोईकलां में हो रहे हैं। यहां के विकास को देखकर आत्मा गदगद हो जाती है।

सरपंच मेरोठा ने सभी अतिथियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यहां की जनता ने मुझे जो आशीर्वाद दिया है उसका ऋण में कभी नहीं चुका पाउंगा। जनहित के कामों में कभी पीछे नहीं रहूंगा। मेरोठा ने कहा कि मोईकलां को स्मार्ट गांव बनाने का संकल्प मन में है। शहर जैसा विकास गांवों में भी होता है। शहर और गांव की दूरी कम करना मेरा लक्ष्य है। संचालन प्रमोद गौड ने किया।
अपने आप को जिम करने से नहीं रोक पाए अतिथि
बाबा निरंजन नाथ, जिला प्रमुख, प्रधान, उपप्रधान समेत अन्य अतिथि अपने आपको जीम करने से नहीं रोक पाए। ओपन जीम का सभी ने पूरा आनंद लिया।