पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन योजना में लाभान्वित बच्चों से प्रधानमंत्री वीसी के माध्यम से हुए रूबरू

संवाददाता शिवकुमार शर्मा कोटा राजस्थान कोटा में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री ने वितरित किए योजना के किट कोरोना में अपने परिजनों को खो चुके एवं प्रधानमंत्री केयर फॉर चिल्ड्रन योजना में लाभान्वित बच्चों से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को वीसी के माध्यम से रूबरू हुए। वीसी में कोटा से केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी ने जुड़कर जिले से चयनित 17 बच्चों को योजना से संबंधित किट प्रदान की। इस अवसर पर जिला कलक्टर हरिमोहन मीना सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि परिजनों को खोने के बाद आई तकलीफ को शब्दों में कहना मुश्किल है, पीएम केयर फण्ड ऐसे परिवारों की तकलीफों को कम करने का छोटा सा प्रयास है। उन्होंने बच्चों को विश्वास दिलाया कि उनके सपने साकार करने के लिए पूरा देश साथ खड़ा है। माता-पिता की कमी को पूरा नहीं किया जा सकता लेकिन उन्हें हर कदम पर सरकार का सहयोग मिलेगा। उन्होंने बच्चों को आह्वान किया कि वे शिक्षक एवं अच्छी पुस्तकों का मार्गदर्शन लेकर अच्छे बुरे का भेद ध्यान में रखते हुए आगे बढ़े, सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लें। निराशा खुद पर भरोसा रखकर आगे बढ़े, निश्चित रूप से आशा की किरण दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि हम आजादी का 75वां महापर्व मना रहे हैं, हमें हार नहीं मानने की ताकत, मानवता की ताकत के स्प्रिट को देखकर आगे बढ़ना है। प्रोब्लम देने वाले नहीं बल्कि सोल्यूशन देने वाला बनना है। कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री ने बच्चों को केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत के युवा दुनिया को रास्ता दिखाएं, परिवार के संकल्पों को साकार करने वाले बनें, अपने सामर्थ्य एवं जज्बे का पूरा उपयोग करते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने प्रधानमंत्री केयर फॉर चिल्ड्रन योजना में चयनित 17 बच्चों को योजना से संबंधित जानकारी के किट प्रदान कर मिल रही सहायता योजनाओं की जानकारी ली। जिला कलक्टर ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा कोविड से प्रभावित परिवारों के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को समय पर लाभ प्रदान किया गया है। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित बच्चे को दी जा रही सुविधा के बारे में बताया। इस अवसर पर जिला प्रमुख मुकेश कुमार मेघवाल, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजकुमार सिंह, शहर बृजमोहन बैरवा, उपनिदेशक बाल संरक्षण ईकाई रामराज मीणा, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष कनिज फातिमा, सदस्य मधुबाला शर्मा, अरूण भार्गव, आबिद अब्बासी, विमल जैन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।