राजस्थान उपचुनाव: कांग्रेस की दोनों सीटों पर एकतरफा जीत, बडे मार्जिन से हारे बीजेपी कें​डिडेट

जयपुर। प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर सम्पन्न हुए उपचुनाव के नतीजे आज जनता के सामने आ गये। दोनों ही सीटों पर सत्ताधारी कांग्रेस ने बाजी मार ली है। कांग्रेस ने वल्लभनगर और धरियावद सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की है, और बीजेपी को बड़ी मात दी है। धरियावद सबसे बड़ा परिवर्तन देखने को मिला है। यहां पर पहले बीजेपी का कब्जा था और अब कांग्रेस ने इसे छीन लिया है। धरियावद में बीजेपी तीसरे और वल्लभनगर में चौथे स्थान पर रही है। पुराने रिकॉर्ड की तरह उपचुनाव में कांग्रेस एक बार फिर चैंपियन साबित हुई है। कांग्रेस ने दोनों उपचुनावों को जीतने के बाद कहा कि यह गहलोत सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर है। इन दोनों सीटों को जीतने के बाद राजस्थान में कांग्रेस और भी मजबूत होगी। वहीं आने वाले दिनों में पार्टी की अंदरूनी सियासत पर असर पड़ेगा।

उपचुनाव की दोनों सीट जीतने के बाद कांग्रेस पार्टी का एक और एमएलए बढ़ गया है। बल्लभनगर सीट पर पहले भी कांग्रेस का कब्जा था और अब धरियावाद सीट को भी कांग्रेस ने जीत ​लिया है। इस प्रकार अब कांग्रेस के पास कुल मिलाकर 108 विधायक हो गये हैं जिसमें 6 विधायक बसपा के हैं।

बता दें कि कांग्रेस की इस जीत के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को और भी मजबूती मिलेगी। डोटासरा के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद 5 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिनमें 4 कांग्रेस जीती है।