पाली
सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान हाइवे पर चंडीगढ़ ब्रांड की अवैध शराब से भरा कंटेनर पकड़ा। पुलिस ने कंटेनर चालक व एस्कोर्ट कर रहे दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह खेप गुजरात भेजी जानी थी। बरामद शराब की बाजार कीमत 70 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर हेमावास तिराहे पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान सोजत की तरफ से आ रहे कंटेनर को रोककर पूछताछ की तो चालक ने बिजली का सामान होने की बात कही थी। उसने बिल्टी भी दिखा दी। पुलिस ने कंटेनर की सील तोड़कर देखा तो चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 1055 पेटियां मिली। कंटेनर चालक जम्मू कश्मीर के सुचेतगढ़ (आरएसपुरा) के रहने वाले दलबीर सिंह पुत्र राज सिंह जट सिक्ख को गिरफ्तार किया। चालक ने बताया कि दो जने कार लेकर उसके कंटेनर को एस्कोर्ट कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने एस्कोर्टिग कर रहे जम्मू कश्मीर के उधमपुर निवासी रणजीत सिंह और हरियाणा के बड़ी रसोर नारायणगढ़ (अम्बाला) निवासी हरवेन्द्र सिंह सिक्ख को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब से भरा कंटेनर और कार जब्त की।
मुकेश राजा
पाली मारवाड़ राजस्थान