अफगानिस्तान में अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया ने जारी किया आतंकी हमले का अलर्ट

जयपुर। अमेरिका द्वारा अपने सैनिक और लोगों को निकालने की समय सीमा 31 अगस्त जारी करने के बाद अमे​रिका ने हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संभावित आतंकी हमले का अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने आतंकी अलर्ट जारी कर ​दिया है। यह अलर्ट अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा अपनी G7 बैठक के दौरान संभावित ISIS खतरे के बारे में बताने के बाद दिया गया है। अमेरिका द्वारा अपनी सेना को पूरी तरह से हटाने की घोषणा की बाद काबुल एयरपोर्ट पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है।

आज जारी एक अलर्ट में अमेरिकी दूतावास का कहना है कि अमेरिकियों को हवाई अड्डे से बचना चाहिए और जो लोग पहले ही हवाई अड्डे पर पहुंच चुके हैं उन्हें 'तुरंत' निकल जाना चाहिए। काबुल में अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा मुद्दे पर अमेरिकी नागरिकों को हवाईअड्डे दूर रहने की चेतावनी दी।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को अफगानिस्तान में अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे काबुल के हवाई अड्डे पर नहीं जायें यहां आतंकवादी हमले का बहुत बड़ा खतरा है। हवाईअड्डे के आसपास के ऑस्ट्रेलियाई लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित स्थान पर जाएं और आगे की सलाह का इंतजार करें। ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री मारिस पायने ने कहा कि यात्रा सलाह संशोधित ब्रिटिश और न्यूजीलैंड सलाह के अनुरूप थी। ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने पिछले सप्ताह बुधवार से लगभग 4,000 लोगों को हवाई अड्डे से निकालने में मदद की है। इस बीच, भारतीय वायु सेना की विशेष उड़ान आज काबुल से निकाले गए लोगों के एक और जत्थे को वापस लाने के लिए तैयार है।