कोटा:कांग्रेस में घुटन हो रही थी, भाजपा में आने में देर कर दी,कोटा दक्षिण महापौर भारती भी भाजपा में

कोटा। लोक सभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परिवार हर रोज बढ़ रहा है। कोटा में एक बड़े घटनाक्रम में कोटा दक्षिण नगर निगम में कांग्रेस के महापौर राजीव अग्रवाल भारती सहित 50 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता भी शनिवार को भाजपा से जुड़ गए। वरिष्ठ भाजपा नेता हरिकृष्ण अग्रवाल, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन, नगर निगम कोटा दक्षिण के नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका भाजपा परिवार में स्वागत किया।
इस अवसर राजीव भारती ने कहा कि वे कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे थे। नीतिविहीन कांग्रेस नेतृत्व ने राम मंदिर का विरोध कर तुष्टीकरण की सारी हदें पार कर दी हैं। रामभक्त होने के कारण इससे उन्हें बहुत पीड़ा पहुंची है। उन्होंने दुख जताया कि भाजपा परिवार में सम्मिलित होने में उन्होंने बहुत देर कर दी। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा को मजबूत करने और लोक सभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला को बड़े अंतर से जिताने के लिए काम करेंगे।
इस अवसर पर कोटा दक्षिण क्षेत्र से ऋषभ जैन, गुमानपुरा मंडल अध्यक्ष व यूथ कांग्रेस कोटा दक्षिण के ब्लॉक अध्यक्ष अमित पारीक, नंदजी, यूथ कांग्रेस के पूर्व महामंत्री योगेंद्र पंचोली, नागेश पंचोली, आशीष शर्मा, मोहम्मद वाहिद, लव पटोना, कुणाल गुप्ता, विजय झांझोट, शाहिद, विक्की मेहरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा जोइन की।