World News : सोमालिया की राजधानी में भयानक बम धमाका, 100 लोगों की मौत और करीब 300 घायल

Mogadishu: सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में दो कार बम धमाकों में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद ने रविवार सुबह घटनास्थल पर कहा कि विस्फोट में करीब 300 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने हमलों को क्रूर और आतंकी कृत्य करार दिया। अभी तक, किसी भी समूह ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, सोमाली सरकार ने हमले के लिए अल-कायदा से जुड़े आतंकवादी समूह अल-शबाब को जिम्मेदार ठहराया है, जिसने राजधानी पर लगातार हमले किए हैं। मोगादिशु में हमला उस दिन हुआ जब राष्ट्रपति, प्रधान मंत्री और अन्य नेता अल-शबाब सहित आतंकवादी समूहों से निपटने के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए बैठक कर रहे थे।

अधिकारियों ने कहा कि पहला विस्फोट शिक्षा मंत्रालय परिसर की दीवारों के बाहर हुआ, जबकि दूसरा विस्फोट एक व्यस्त रेस्तरां को निशाना बनाकर किया गया। एम्बुलेंस सेवा के निदेशक अब्दुलकादिर अदन ने एक ट्वीट में कहा, "पहले हमले में घायलों की मदद करने वाली एम्बुलेंस दूसरे विस्फोट से क्षतिग्रस्त हो गई।"

एक चश्मदीद अब्दिरजाक हसन ने कहा कि जब दूसरा धमाका हुआ तो मैं 100 मीटर दूर था। मैं जमीन पर पड़े शवों की गिनती नहीं कर सकता। लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। कई लोग मदद की गुहार लगा रहे थे। अस्पताल कर्मी ने मीडिया को बताया कि, इस घटना के बाद 30 लोगों के शव अस्पताल लाए गए थे इनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी. वहीं, अब ये आंकड़ा 100 तक जा पहुंचा है. अक्टूबर 2017 में इसी इलाके में एक ट्रक बम फटने से 500 लोगों की मौत हो गई थी। हमले के बाद से यह क्षेत्र में सबसे घातक मौत थी।