Baran:जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक आयोजित
ब्यूरोचीफ शिव कुमार शर्मा
बारां कोटा संभाग
आमजन का हित सर्वोपरि - जिला प्रमुख
बारां, 18 जनवरी। जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि जिले में राज्य सरकार की लोक कल्याण की योजनाओं का लाभ पात्र वर्ग को सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जिले के सर्वांगीण विकास हेतु निर्धारित योजनाओं व लक्ष्य को आमजन का हित सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण किया जाना चाहिए।
जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि जिले में पेयजल आपूर्ति, मौसमी बीमारियों के नियंत्रण, विद्युत आपूर्ति सहित आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित विभाग संवेदनशीलता से कार्य करते हुए आमजन को राहत प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले में प्रधान, पंचायत समिति सदस्यों एवं स्ािनीय जनप्रतिनिधियों द्वारा आमजन की समस्याओं के संबंध में संबंधित क्षेत्र को अधिकारियों को अवगत कराया जाता है तो इस संबंध में सजग होकर कार्य करते हुए राहत दी जानी चाहिए।
बैठक में सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक पानाचंद मेघवाल, डेयरी चेयरमेन प्रदीप काबरा, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों ने पेयजल, बिजली, सड़क, महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत रोजगार सहित अन्य जन समस्याओं के संबंध में साधारण सभा की बैठक में संबंधित विभागों से निस्तारण व राहत की मांग रखी गई। इस पर संबंधित विभागों द्वारा स्पष्टीकरण प्रदान किया गया। सीईओ जिला परिषद ने बैठक एजेन्डा के अनुसार नरेगा योजना की वार्षिक कार्य योजना वर्ष 2023-24 को चर्चा के बाद अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया एवं सदन द्वारा अनुमोदन किया गया। जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में किसानों को खरीफ फसल 2021 के तहत 146 करोड़ रूपए की राशि के बीमा क्लेम का भुगतान किया गया है लेकिन कई किसानों द्वारा मुआवजा नही मिलने की शिकायत की गई है जिसके लिए संबंधित किसानों की शिकायतों को एकत्र कर बीमा कम्पनी को भिजवाया जाएगा। जिला पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीणा ने जिले में नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाओं में 153 मृत्यु एवं 434 के घायल होने की जानकारी देते हुए कहा कि एनएचएआई द्वारा नेशनल हाईवे पर मोड़, स्पीड, घुमाव आदि के संकेतक नही लगाए गए है साथ ही मवेशियों पर रिफ्लेक्टर आदि नही लगाने से आमजन दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे है। इस संबंध में प्रभावी कार्यवाही की जानी चाहिए।
साधारण सभा की बैठक में जिले में जल जीवन मिशन के कार्य, हेण्डपम्प के कार्य, भड़सुई, हरनावदा, सारथल, हीकड़ में जल समस्या, गोरधनपुरा में पानी की टंकी खराब होने, हेण्डपम्प मिस्त्री की कमी, मौसमी बीमारियां, कोविड सेम्पल, सोनाग्राफी मशीन लगाने, छबड़ा में हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, कुपोषण की रोकथाम, ट्रोमा सेन्टर, अन्ता वाया पचेलकला सड़क का कार्य, सीसवाली की खाड़ी का कार्य, किशनगंज-मांगरोल में पार्वती नदी पर पुल का कार्य, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत व सड़क किनारों से जंगली झाड़ियां हटाने, बजरंगगढ से पंडाली तक सड़क को दुरूस्त करवाने, विद्युत ट्रिपिंग की समस्या, किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति प्रदान करने, ग्रामीण क्षेत्रों मे ठोस व तरल कचरा प्रबंधन, सफाई हेतु स्वच्छता प्रहरी नियुक्त करने आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई एवं संबंधित विभागों को निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रधान, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।