10 दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर आज से

बूंदी, 5 जनवरी। गुदा रोगों, अर्श (पाइल्स ),भगंदर (फिस्टुला),परिकर्तिका के उपचार के लिए 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर 6 जनवरी से 15 जनवरी तक पुरानी धानमंडी रोड स्थित किसान भवन में आयोजित किया जाएगा।

       
आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ रमेशचंद जैन ने बताया कि आयुर्वेद निदेशालय अजमेर के निर्देशानुसार आयोजित इस आवासीय चिकित्सा शिविर में राज्य भर से आए हुए आयुर्वेद क्षारसूत्र विशेषज्ञों द्वारा गुदरोगों का क्षारसूत्र विधि से उपचार किया जायेगा।
    
बालचंद पाड़ा चिकित्सालय प्रभारी एवं पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुशवाह   ने बताया कि शिविर के शुभारंभ के अवसर पर पूर्व विधायक अशोक डोगरा, अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिडवाल, उपखंड अधिकारी सोहन लाल (आईएएस), संभागीय अतिरिक्त निदेशक डॉ. सुभाष चन्द्र शर्मा तथा आरोग्य समिति के सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
    
शिविर प्रभारी डॉ. जीबी मालव ने बताया कि शिविर में पहले 3 दिन रोगियों का रजिस्ट्रेशन कर शल्य चिकित्सा के लिए भर्ती किया जायेगा - संपूर्ण चिकित्सा निशुल्क रहेगी.