जयपुर। दक्षिण गुजरात और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बहुत भारी बारिश हुई, जिसमें 14 लोगों की मौत होने की खबर मिली है। वही, बारिश से प्रभावित लगभग 31,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है। दक्षिण गुजरात के कच्छ, भरूच, डांग, नवसारी और तापी जिलों के कई हिस्सों में बुधवार सुबह छह बजे तक 24 घंटे की अवधि में बहुत भारी बारिश हुई।
बारिश से हुए नुकसान के कारण कच्छ, नवसारी और डांग जिलों में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गए। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने संवाददाताओं को बताया कि 51 राज्य राजमार्ग और 400 से अधिक पंचायत सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने कहा, "पिछले 24 घंटों में 14 लोगों की जान चली गई। इनमें से नौ की मौत डूबने से हुई।"
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रशासन को जल्द से जल्द प्रभावित जिलों का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है ताकि लोगों को बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए नकदी और अन्य राहत के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े.
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) के अनुसार, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, डांग और अमरेली के कुछ हिस्सों में बुधवार को सुबह छह से 10 बजे के बीच चार घंटे में 47 मिमी से 88 मिमी के बीच बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
राजेन्द्र त्रिवेदी ने कहा कि 31,035 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिनमें से 21,094 अभी भी संबंधित जिला प्रशासन द्वारा प्रदान किए गए आश्रयों में रह रहे हैं और 9,941 बारिश का पानी कम होने के बाद अपने घरों को लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ के कारण फंसे कुल 575 लोगों को बचा लिया गया है।