भारत के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी रेड, कानपुर व्यवसायी के ​पास से 177.45 करोड़ की नगदी बरामद

जयपुर। जीएसटी अधिकारियों ने भारत के इतिहास की अब तक की सबसे छापेमारी की है। अधिकारियों ने कानपुर में कई स्थानों से 177.45 करोड़ रुपये की नगदी वसूली की है, जो कथित तौर पर पान मसाला और इत्र के व्यवसायी पीयूष जैन से जुड़ी हुई है। शुक्रवार को इन पैसों की गिनती शुरू हुई और शनिवार की तड़के समाप्त हो गई। बरामद हुई नकदी को गिनने के लिए 19 नोट गिनने वाली मशीने मंगवाई गई थी।

जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (डीजीजीआई) के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को कानपुर के कारोबारी पीयूष जैन के दो साझेदारों समेत तीन लोगों के 11 परिसरों की तलाशी ली गई। परिसर में फैक्ट्री आउटलेट, कार्यालय, कोल्ड स्टोरेज और इत्र व्यापारी पीयूष जैन और उनके सहयोगियों के पेट्रोल पंप शामिल थे। करीब एक दिन तक नकदी गिनने के बाद शनिवार को करीब 19 नोट गिनने की मशीनें वापस एसबीआई को भेजी गईं।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अहमदाबाद में जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय को एक गुप्त सूचना मिली जिसके आधार पर तलाशी की गई। अधिकारियों ने त्रिमूर्ति फ्रैग्रेंस प्राइवेट लिमिटेड के कारखाने और कानपुर में गणपति रोड कैरियर्स के कार्यालय और गोदामों में तलाशी ली, जो शिखर पान मसाला और तंबाकू उत्पाद बनाती है।

बता दें कि इससे पहले जुलाई में, आयकर विभाग ने तमिलनाडु में एक सड़क निर्माण फर्म के कई परिसरों से 163 करोड़ रुपये नकद और लगभग 100 किलोग्राम सराफा जब्त किया था।