शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
ग्रामीण जनों को उनके क्षेत्र में ही पहुंचकर राहत देने के लिए चलाए जाने वाले ’’प्रशासन गांवो के संग’’ अभियान की तैयारियां जिले में पूरे जोर पर हैं। जिले के सभी ब्लॉक में ’प्री कैम्प’ आयोजित किए जा रहे हैं। जिनमें ग्रामीणों के प्रकरण चिन्हित कर आवेदन तैयार किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को अभियान की जानकारी दी जा रही है ताकि वे अपने लम्बित प्रकरणों को रख सकें।
जिला कलक्टर आशिष गुप्ता के निर्देश पर सभी 19 विभाग तैयारी शिविरों में जुटे है और ग्रामीणों को राहत देने के लिए तत्पर हैं।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए है कि 25 सितम्बर तक पूरे जिले में तैयारी शिविर पूर्णकर लिए जाएं। इन शिविरों में प्रकरण निस्तारण कर सभी तैयारियां कर ली जाएं ताकि मुख्य शिविर में सिर्फ निस्तारण ही शेष रहे और पीड़ित राहत लेकर जाए।
उल्लेखनीय है कि जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर 02 अक्टूबर से 17 दिसम्बर तक प्रशासन गांवों के संग अभियान के अन्तर्गत शिविरों का आयोजन जाएगा। शिविर समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का रहेगा। अभियान में राजस्व विभाग के अलावा 18 विभिन्न विभागों की भी सहभागिता रहेगी तथा सभी विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, कार्यो का प्रचार एवं प्रसार करेंगे तथा प्राप्त प्रकरणों एवं परिवादों का मौके पर निस्तारण करेंगे।