निर्मल मन फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य रक्तदान शिविर, 51 यूनिट रक्त संग्रहित



जयपुर/भरत देवड़वाल। निर्मल मन फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को शिव शक्ति छात्रावास, गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पास एक भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के उपाध्यक्ष राहुल सैनी एवं सचिव कविता झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात शिविर का विधिवत संचालन हुआ, जिसमें कुल 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी, एसीबी संदीप सारस्वत ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने निर्मल मन फाउंडेशन के सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि तारा बेनीवाल ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जीवन बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

शिविर का संयोजन संस्था के संयोजक अविरल राजपूत ने किया। उनके नेतृत्व में टीम ने सभी व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


*निर्मल मन फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत*

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष कैलाश ओझा ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि निर्मल मन फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसे अभियान चलाता रहेगा।

उपाध्यक्ष राहुल सैनी ने कहा कि युवाओं का उत्साह प्रेरणादायक है। रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया।

सचिव कविता झा ने कहा कि समाज में रक्त की आवश्यकता निरंतर बनी रहती है। समय पर उपलब्ध रक्त किसी मरीज के लिए जीवनदान बन सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान और जनसेवा अभियानों से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष रोशन झा, जुगल सिंह जादौन सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे। अंत में सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।