अरुणाचल में चीन सीमा के पास लापता 2 युवक, परिवारों ने दर्ज कराई शिकायत

जयपुर। अरुणाचल प्रदेश में दो युवक औषधीय पौधों की तलाश में चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के करीब करीब दो महीने से लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 19 अगस्त को अपने गांव छोड़े गए युवकों, बेटिलम टिकरो और बेइंग्सो मन्यु को आखिरी बार 24 अगस्त को देखा गया था। उनके परिवारों ने नौ अक्टूबर को उनके लापता होने की सूचना दी थी।

परिजनों ने स्थानीय विधायक दसुंगलू पुल को पत्र लिखकर राज्य सरकार, केंद्र सरकार और सेना के समक्ष मामले को उठाने को कहा है. परिवारों को संदेह है कि दोनों ने अनजाने में एलएसी पार कर ली होगी और चीनी सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया था, हालांकि राज्य सरकार और सेना ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। बता दें कि इसी साल जनवरी में अरुणाचल प्रदेश का एक अन्य युवक मिराम टारोन एलएसी के पास एक जंगल में औषधीय पौधों की तलाश करते हुए अनजाने में चीन चला गया था। चीनी सैनिकों ने उसे पकड़ लिया और भारतीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के कुछ दिनों बाद मुक्त कर दिया।