जयपुर। अजमेर के पुष्कर मेले एक भैंसे को देखने के लिए भीड उमड पड़ी। दरअसल यह कोई आम भैंसा नहीं है। इस भैंसे का नाम है— भीम। और इसके मालिक हैं जोधपुर के अरविंद जांगिड़। पिछली रात को अरविंद जांगिड इस भैंसों को पुष्कर मेले में लाये और इसे मोतीसर रोड पर प्रदर्शन के लिए रखा गया था। इसकी कीमत 24 करोड़ लगा दी गई लेकिन मालिक अभी इसे बेचना नहीं चाहता है। अरविंद ने बताया कि कुछ महीनों पहले जोधपुर आए अफगानिस्तान के एक शेख परिवार ने इस भैंसे की 24 करोड़ रुपए बोली लगाई थी, लेकिन वे भीम को बेचना नहीं चाहते हैं। अरविंद ने बताया कि वे पुष्कर मेले में भीम को बेचने के लिए नहीं लाये हैं वे केवल मुर्रा नस्ल के संरक्षण के उद्देश्य से इसे प्रदर्शनी के लिए लाये हैं।
2 लाख रूपये हैं महिने का खर्चा
भीम की लंबाई करीब 14 फीट है और इसकी उंचाई 6 फीट है। इसका वजन 1500 किलो बताया गया है। मालिक अरविंद ने बताया कि इसके रख रखाव और खान पान पर प्रतिमाह लभगभ 2 लाख रूपये खर्च होते हैं। भैंसे को प्रतिदिन एक किलो घी, आधा किलो मक्खन, 200 ग्राम शहद, 25 लीटर दूध, एक किलो काजू-बादाम खिलाया जाता है।
इस भैंसे ने मेलों में आयोजित पशु प्रतियोगिता में भी भाग लेकर पुरस्कार जीते हैं। बताया गया है कि वे इच्छुक पशुपालकों को भीम का सीमन उपलब्ध कराते हैं। मुर्रा नस्ल के इस भैंसे के सीमन की देश में बड़ी डिमांड है।