मेगा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में 251 करोड़ के ऋण वितरित

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
वित्त मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं राज्य स्तरीय बैंक र्स समिति, जयपुर के आदेशानुसार बूंदी जिले में स्थित समस्त बैंकों ने हरियाली रिजॉर्ट मे ग्राहक संपर्क पहल (मेगा क्रेडिट आउटरीच प्रोग्राम) का आयोजन कर 7500 खातों में कुल 251 करोड़ का ऋण वितरित किया।
समारोह का उद्घाटन, बैंक ऑफ बड़ौदा , जयपुर अंचल कार्यालय के उप महाप्रबंधक प्रदीप कुमार बाफना ने किया । उन्होंने बैंक ग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा की करोना काल के कारण देश की अर्थव्यवस्था में भारी गिरावट आई है । सुधार हेतु बाजार में पर्याप्त धन प्रवाह की आवश्यकता है। अतः भारत सरकार की पहल पर सभी बैंकों ने अधिक से अधिक ऋण वितरण के लिए कमर कस ली है और अपने स्तर से अधिक से अधिक ऋण वितरण कर बाजार में धन प्रवाह बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं ।
इसी क्रम में राजस्थान के सभी जिलों में 16 से 30. अक्टूबर 2021 तक मेगा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम के तहत विशाल ऋण शिविर लगा कर विशाल स्तर पर सभी बैंक एवं गैर वित्तीय कंपनियां नागरिकों एवम ग्राहकों को ऋण सुविधा उपलब्ध करा रही हैं ।
उन्होंने कहा कि अभी भी हमारे भारतीय जनमानस को साहूकारों के चंगुल से छुड़ाने की आवश्यकता है जो कि आम जनता से बहुत अधिक ब्याज वसूलते हैं। जिससे की आम उपभोक्ता पर ऋण का बोझ बढ़ता जाता है। ऐसी स्थिति में भारतीय बैंक एक सशक्त विकल्प हैं। आज की तारीख में सभी बैंकों की ब्याज दरें बहुत ही अधिक सस्ती हो गई हैं जिसके तहत उपभोक्ता कार ऋण, होम लोन, मुद्रा लोन, कृषि ऋण एवं सूक्ष्म लघु उद्योगों के लिए बहुत ही आसान शर्तों पर ऋण प्राप्त कर सकते हैं । साथ ही उन्होंने जन सुरक्षा योजना के तहत सभी ग्राहकों से निवेदन किया कि वह सभी पात्र व्यक्तियों को मात्र 230 रूपये में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं मात्र 12 रूपये में जो कि विश्व में सबसे सस्ती बीमा योजना के तहत यदि उन्होंने बीमा लाभ की सुविधा अभी भी नहीं ली है, तो आज ही यह सुनिश्चित करें ।
भारतीय स्टेट बैंक से सहायक महा प्रबंधक रामविलास मीणा , राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के जिला विकास प्रबंधक एवं सहायक महाप्रबंधक राजकुमार, सेंट्रल बैंक के सहायक महाप्रबंधक डी.के.सिंह बडौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय चित्तौड़गढ़ के उप सहायक महाप्रबंधक आर.क.े शर्मा, अग्रणी बैंक प्रबंधक अक्षय कुमार शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
आमजन में शिविर को लेकर उत्साह देखने को मिला तथा उपस्थित जनसमूह ने बैंकों द्वारा की गई पहल का स्वागत किया । इस अवसर पर बूंदी जिला स्थित सभी बैंकों के एवं राज्य सरकार द्वारा ऋण योजना चलाने वाले सभी विभागों के अधिकारी ग्राहकों से वार्ता हेतु उपलब्ध रहे।