Bihar news: बिहार के सीवान में जहरीली शराब पीने से 3 लोगों की मौत,

जयपुर। बिहार में एक बार फिर से जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है।  अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सूखे बिहार के सीवान जिले के भोपतपुर उपमंडल में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य बीमार हो गए।
जिला प्रशासन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, पेट में दर्द, जी मिचलाने और चक्कर आने की शिकायत के बाद रविवार शाम करीब सात बजे 10 लोगों को सीवान के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान सीवान अस्पताल के डॉक्टरों ने  एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, वहीं पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (पीएमसीएच) ले जाते समय दो लोगों की मौत हो गई। बयान में कहा गया है कि सात लोग वर्तमान में सीवान के जिला अस्पताल में भर्ती हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि सात बीमार लोगों में से कई की हालत गंभीर है। बता दें कि बिहार में अप्रैल 2016 से शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है।
जिला प्रशासन ने कहा कि पीड़ितों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चलेगा।
“सुरक्षाकर्मियों की एक टीम को पहले ही इलाके में तैनात कर दिया गया है। संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। बयान में कहा गया है कि इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

याद दिला दें कि पिछले साल दिसंबर में सारण जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब ने करीब 50 लोगों की जान ले ली थी। इस घटना ने बिहार विधानसभा में एक राजनीतिक संकट पैदा कर दिया था, विपक्षी नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बार-बार नकली शराब से होने वाली मौतों की घटनाओं पर कड़ा हमला किया था।