राज्य सरकार के कार्यकाल के 4 वर्ष, जिला स्तरीय समारोह आज-विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन

राज्य सरकार के कार्यकाल के 4 वर्ष,
जिला स्तरीय समारोह आज-विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
बारां, 22 दिसंबर। राज्य सरकार के कार्यकाल के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जिला स्तरीय समारोह सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय (सूचना केन्द्र भवन) बारां में 23 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह में जिला प्रभारी मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा, खान, पेट्रोलियम एवं गोपालन विभाग मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, विधायक पानाचन्द मेघवाल, निर्मला सहरिया, नगर परिषद सभापति ज्योति पारस, जिला प्रभारी सचिव उर्मिला राजौरिया सहित गणमान्य नागरिक एवं अधिकारीगण मौजूद रहेंगे।
जिला कलक्टर ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने गुरूवार सांय सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय (सूचना केन्द्र भवन) में जिला स्तरीय समारोह की व्यवस्थाओं के तहत मुख्य मंच, विभागीय स्टॉल्स, लाभार्थियों को लाभ वितरण, जिला विकास प्रदर्शनी, जिला दर्शन विकास पुस्तिका, प्रेस कॉन्फ्रेंस की व्यवस्थाएं आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर एडीएम एसएन आमेटा, एसडीएम दिव्यांशु शर्मा, जिला स्तरीय अधिकारी, नगर परिषद के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
जिला विकास प्रदर्शनी का होगा शुभारंभ
जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार के कार्यकाल के 4 वर्ष पूण होने पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। समारोह में जिला प्रभारी मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा एवं अतिथिगण जिला विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ करेंगे। जिला विकास प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के सभागार में लगाई जा रही है। जिला विकास प्रदर्शनी में रंगीन चित्रों के माध्यम से जिले में हुए विभिन्न विकास कार्यक्रम, फ्लैगशिप योजना के कार्यक्रम एवं राज्य सरकार की लोक-कल्याण की योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
जिला दर्शन विकास पुस्तिका का विमोचन
जिला स्तरीय समारोह में जिला प्रभारी मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा सहित अतिथियों द्वारा जिला प्रशासन व सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय बारां द्वारा तैयार करवायी गई जिला दर्शन विकास पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। पीआरओ विनोद मोलपरिया ने बताया कि उक्त पुस्तिका में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं लोक-कल्याण के कार्यों की सामग्री का रंगीन चित्रों सहित संकलन किया गया है।
विभाग लगाएंगे स्टॉल्स
जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल्स लगाई जाएंगी। इन स्टॉल्स में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं लोक-कल्याण के कार्यक्रमों के फ्लेक्स व प्रचार सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। जिला प्रभारी मंत्री सहित अतिथिगण इन स्टॉल्स का निरीक्षण करेंगे और इन स्टॉल्स पर फ्लैगशिप योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभ का वितरण करेंगे। कार्यक्रम में स्कूटी वितरण, दिव्यांगों  को ट्राई साईकिल, श्रवण यंत्र वितरण सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ का वितरण किया जाएगा।
जिला स्तरीय समारोह के अन्त में जिला प्रभारी मंत्री द्वारा राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं,  विकास कार्यक्रमों के संबंध में प्रेस व मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता भी सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के सभागार में की जाएगी।