बूंदी में पहलीबार 66वीं राज्य स्तरीय स्पीड बॉल प्रतियोगिता का आगाज
ब्यूरो चीफ शिव कुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
‘अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेल बेहद जरूरी’- जिला प्रमुख
बूंदी, 11 जनवरी। 66वीं राज्य स्तरीय उच्च प्राथमिक विद्यालयी छात्र-छात्रा (14 वर्ष) स्पीड बॉल खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को हायर सैकेण्डरी स्कूल प्रांगण में हुआ। जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर ने ध्वज चढाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलो से आए खिलाड़ियों का स्वागत भी किया। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में राजस्थान के 22 जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर रही। अध्यक्षता नगर परिषद सभापति मधु नुवाल ने की। कार्यक्रम में अरबन कॉपरेटिव बैंक चेयरमेन सत्येश शर्मा, स्पीड बॉल संघ प्रदेश अध्यक्ष भरत शर्मा, जिला वक्फ बोर्ड चेयरमेन इकरामुद्दीन बबलू, नगर परिषद पार्षद लोकेश ठाकुर व सर्वोदय ग्रुप अध्यक्ष एजी मिर्जा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेल बेहद जरूरी है। खेलकूद से व्यक्ति स्वस्थ रहता है और सर्वांगीण विकास के लिए भी खेल जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल भावना से प्रतियोगिता में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाएं।
नगर परिषद सभापति मधु नुवाल ने कहा कि राज्य में पहली बार स्पीड बॉल का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी मेजबानी बूंदी जिले को मिली है। ग्रामीण ओलंपिक के सफल आयोजन के बाद अब राज्य सरकार द्वारा 26 जनवरी से शहरी ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्राप्त होगा। अरबन कॉपरेटिव बैंक चेयरमेन सत्येश शर्मा ने कहा की ग्रामीण ओलपिंक के बाद शहरी ओलपिंक के आयोजन तथा शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिताओं से खेलों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है। राज्य में खिलाड़ियों का सुनहरा भविष्य सुनिश्चित हुआ हैं।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार व्यास ने बताया कि बूंदी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित 5 दिवसीय 66वीं राज्य स्तरीय उच्च प्राथमिक विद्यालयी छात्र-छात्रा स्पीड बॉल खेलकूद प्रतियोगिता में राज्य के 22 जिलों के 200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तेज कंवर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार जोशी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश गोस्वामी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी उदयलाल मेघवाल, तिलक विद्या पीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं संयोजक जावेद अहमद आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अनस मोहम्मद ने किया।