जयपुर। पश्चिम बंगाल में हुए ट्रेन हादसे में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है। और 45 लोगों के घायल होने की खबर है। बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुरी कस्बे के पास गुरुवार को गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर जाने पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। अभी और भी लोगों के ट्रेन के डिब्बों में फंसे होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल सरकार के सूत्रों के अनुसार, कम से कम 50 घायलों को बचाया गया। सूत्रों ने कहा कि 10 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में से 24 को जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल और 16 को मोयनागुरी सरकारी अस्पताल भेजा गया। न्यू फ्रंटियर रेलवे के सूत्रों ने कहा कि गंभीर यात्रियों को सिलीगुड़ी के उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
रेवले सूत्रों के मुताबिक भी और भी लोगों के पटरी से उतरे डिब्बों के अंदर फंसे होने की आशंका है और क्षतिग्रस्त डिब्बों को काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है।
बंगाल में हुए इस दुर्घटना को लेकर भारत के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि हम इस हादसे की स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से बात की है और उन्हें बचाव कार्यों से अवगत कराया है। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि वे अपने सभी कर्तव्यों को पूरा करेंगे।"
उन्होंने ट्वीट करते हुआ कहा कि "दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में, बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के 12 डिब्बे आज शाम न्यू मयनागुरी (पश्चिम बंगाल) के पास पटरी से उतर गए। व्यक्तिगत रूप से त्वरित बचाव अभियान के लिए स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।"
हादसे की हाई लेवल कमिश्नर रेलवे सेफ्टी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और डीजी (सुरक्षा), रेलवे बोर्ड दिल्ली से दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।
इस हादसे में मृतकों के परिवार वालों को ₹ 5 लाख, गंभीर चोट के लिए ₹ 1 लाख और साधारण चोटों के लिए ₹ 25,000 के मुआवजे की घोषणा की गई है।