जयपुर। NTA NEET UG 2022 परीक्षा रविवार को सम्पन्न हुई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार, रविवार को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में लगभग 95 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। इस परीक्षा में 18 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे जो अब तक का एक रिकॉर्ड है। एनटीए के अधिकारियों ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 18,72,329 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 10.64 लाख महिलाएं थीं। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आज करीब 95 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। यह पहली बार था जब NEET मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण की संख्या 18 लाख को पार कर गई, जो 2021 से 2.5 लाख से अधिक की उल्लेखनीय वृद्धि है।
बता दें कि पिछले साल, NEET-अंडरग्रेजुएट परीक्षा 12 सितंबर को आयोजित की गई थी, जिसमें 95 प्रतिशत से अधिक पंजीकृत उम्मीदवार शामिल हुए थे। 3,858 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 15.44 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए. कम से कम 8.70 लाख छात्रों ने क्वालिफाई किया था।
बता दें कि NEET-UG बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी (MBBS), बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS), बैचलर ऑफ आयुर्वेद, मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS), बैचलर ऑफ सिद्ध मेडिसिन एंड सर्जरी (BSMS) में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा है।
परीक्षा रविवार को भारत के बाहर 14 शहरों (कोलंबो, काठमांडू, बैंकॉक, कुआलालंपुर, सिंगापुर, दुबई, अबू धाबी, मस्कट, शारजाह, कुवैत सिटी, दोहा, मनामा, रियाद, लागोस) सहित 497 शहरों में 3,570 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। पेन और पेपर मोड में। इस साल पहली बार बड़ी संख्या में आकांक्षी जिले भी जोड़े गए।