जयपुर। महाराष्ट्र में लगभग एक सप्ताह से चल रहे सियासी उठापटक के बीच अब शिवसेना के मंत्री आदित्य ठाकरे ने मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के बागियों को पार्टी छोड़ने और चुनाव का सामना करने की चुनौती दी है। उन्होंने भाजपा शासित असम में डेरा डाले हुए विधायकों को खुली चुनौती देते हुए विद्रोहियों को कहा कि अगर हिम्मत है तो इस्तीफा दें और चुनाव लडने के लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा, "अगर आप में हिम्मत है तो शिवसेना को छोड़िए। अगर आपको लगता है कि हमने जो किया है वह गलत है, उद्धव ठाकरे जी का नेतृत्व गलत है और हम सभी गलत हैं, तो इस्तीफा दें और चुनाव का सामना करें। हम तैयार हैं।" ठाकरे ने कल मुंबई में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, "आप यहां खड़े लोगों को देखें - वे यहां महाराष्ट्र में प्रचार नहीं कर पाएंगे।"
उन्होंने पहले संकट को सच और झूठ के बीच की लड़ाई करार दिया था। उन्होंने कहा, "हम शिवसेना के बागी विधायकों द्वारा किए गए विश्वासघात को नहीं भूलेंगे। हम निश्चित रूप से जीतेंगे।"
वहीं, दूसरी तरफ लगभग 40 शिवसेना विधायकों के समर्थन का दावा करने वाले महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शिंदे के साथ महा विकास अघाड़ी सरकार गिरने की कगार पर है। विद्रोही गुट ने शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के साथ शिवसेना के गठबंधन को "अप्राकृतिक" करार दिया था और मांग की थी कि बालासाहेब ठाकरे द्वारा स्थापित पार्टी, भाजपा के साथ अपना गठबंधन बहाल करे।