जयपुर। कांग्रेस नेता व प्रियंका गांधी के नजदीकी माना जाने वाले आचार्य प्रमोद कृष्णम हमेशा से सचिन पायलट को सीएम बनाने की पैरवी करते आये हैं। और एक बार नहीं कई बार उन्होंने गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा है कि मेहनत किसी और ने की और सत्ता की मलाई कोई और खा रहा है।
एक बार फिर से कृष्णम प्रमोद ने सचिन पायलट को सीएम की गद्दी पर बैठने की पैरवी की है। आचार्य ने कहा कि जनता मानती है कि सचिन पायलट को 2018 में ही मुख्यमंत्री बना देना चाहिए था, लेकिन आलाकमान और वरिष्ठ नेताओं ने अनुभव को तरहीज देते हुए अशोक गहलोत को सीएम बनाया। लेकिन अब समय आ गया है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सत्ता युवाओं के हाथों सौंप देनी चाहिए और गहलोत को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी संभालनी चाहिए।
प्रमोद कृष्णम ने कहा- 'यह सृष्टि का नियम है, जिसको हम कहते हैं कि परिवर्तन संसार का नियम है। एक साइकलिंग है। युवाओं को सत्ता देना, युवाओं को नेतृत्व देना यह तो हमेशा कांग्रेस की की आइडियोलॉजी में शामिल रहा है। खुद अशोक गहलोत ने कहा था कि युवाओं को मौका मिलना चाहिए।'
आचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। पूरे देश में उनका सम्मान है। अब उन्हें राज्य को छोडकर केंद्र में भूमिका निभानी चाहिए और 2024 की इस लड़ाई में गहलोत जी को राष्ट्रीय स्तर पर राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने चाहिए।